गोसाईगंज गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम कटवाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर से फार्म-7 भरने के मामले में आठ महीने बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जाली दस्तावेज को असली बताकर इस्तेमाल करने और धोखाधड़ी से संबंधित आरोपों में कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण का खुलासा समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने किया था। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेसवार्ता कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया था।गोसाईगंज थानाक्षेत्र के अर्जुनपुर स्थित बूथ संख्या 96 के प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर प्रथम की मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम हटाने के लिए फार्म-7 उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि नंदलाल के नाम से इन फार्मों पर हस्ताक्षर किया गया,जबकि नन्दलाल निरक्षर है और वह हस्ताक्षर करने के बजाय अंगूठा लगाते हैं। इस मामले में सुपरवाइजर पद पर तैनात लेखपाल मनीष कुमार मिश्र ने 24 अक्टूबर 2026 को गोसाईंगंज थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फरवरी माह में एसआईआर के दौरान सपा के पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने इस मामले को सार्वजनिक किया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने लखनऊ में नंदलाल और अरुण वर्मा के साथ प्रेसवार्ता की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि फर्जी फार्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश की गई। अखिलेश यादव ने नंदलाल को एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया था। साथ ही उनके गांव में दुर्गा माता का मंदिर बनवाने में समाजवादी पार्टी की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया था। उस समय यह मामला देश स्तर पर चर्चा में आ गया था। इस बीच मामले में करीब आठ महीने तक मुकदमा दर्ज न होने को लेकर सवाल उठते रहे। अब मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रकरण में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। इस संबंध में एसडीएम सन्दीप यादव ने बताया यह पुराना मामला है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आठ महीने बाद 26 मतदाताओं के नाम कटवाने के मामले में मुकदमा
गोसाईगंज गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम कटवाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर से फार्म-7 भरने के मामले में आठ महीने बाद…


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।