लखनऊ गौर की आवाज ब्यूरो।चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों, किसानों और पशुपालकों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 28 अक्टूबर को सात जिलों में येलो अलर्ट
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
29 अक्टूबर को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वांचल, अवध और तराई में भी असर की आशंका
30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव जैसी परिस्थितियों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत होगी। 31 अक्टूबर तक मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
आंधी और बिजली चमकने पर बरतें सावधानी
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचें। खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के आसपास रुकना भी खतरनाक हो सकता है।
किसानों और पशुपालकों को विशेष सलाह
किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने तथा मौसम की स्थिति के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है। पशुपालक अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। लोगों को मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और ‘सचेत’ ऐप पर जारी चेतावनियों को देखते रहने को कहा गया है।
प्रशासन सतर्क, अफवाहों से बचने की अपील
राज्य सरकार ने संभावित मौसमी खतरे को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों और एहतियाती उपायों पर जोर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें। मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सुरक्षा उपाय अपनाना जरूरी है।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।