Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
बुधवार, 28 अक्टूबर 2026

गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ निकली विसर्जन शोभायात्रा, देर रात तक चला प्रतिमा विसर्जन

जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।पांच दिनों तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और आराधना के बाद मंगलवार को सेमरी बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मां को…

गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ निकली विसर्जन शोभायात्रा, देर रात तक चला प्रतिमा विसर्जन
गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ निकली विसर्जन शोभायात्रा, देर रात तक चला प्रतिमा विसर्जन

जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।पांच दिनों तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और आराधना के बाद मंगलवार को सेमरी बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मां को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और मां के जयकारों के बीच निकली विसर्जन शोभायात्राओं में आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सेमरी बाजार से लेकर आसपास के गांवों तक दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। देर रात तक प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी रहा।

        दो दर्जन प्रतिमाओं का होना है विसर्जन

सेमरी, पीढ़ी, गुड़बड़, बिरैता और कोची समेत आसपास के विभिन्न स्थानों पर स्थापित करीब दो दर्जन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पीढ़ी स्थित प्रहलाद दास सागर में किया जाना है। मां को अंतिम विदाई देने के लिए सेमरी बाजार और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पांच दिनों तक चले पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों के बाद प्रतिमाओं की विदाई के दौरान भक्तों में उत्साह के साथ भावुकता भी दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

    फूल-मालाओं से सजी प्रतिमाएं बनीं आकर्षण

सेमरी बाजार में विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों की ओर से प्रतिमाओं को फूल-मालाओं और आकर्षक सजावट से सुसज्जित ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रखकर विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा ने पूरे बाजार का भ्रमण किया। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजन के लिए जुटे रहे। मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा।शाम ढलने के साथ ही रंग-बिरंगी रोशनी से सजी झांकियों की छटा देखते ही बनी। आकर्षक विद्युत सजावट और डीजे की धुनों ने शोभायात्रा को और भव्य बना दिया। बाजार के प्रमुख स्थानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी मां की विदाई के इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।

      शिव तांडव और राधा-कृष्ण नृत्य ने मोहा मन

विसर्जन शोभायात्रा में बाहर से आए कलाकारों ने शिव तांडव, राधा-कृष्ण नृत्य और राम मंदिर की धुनों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के मनमोहक नृत्य और मंचन ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। कई स्थानों पर लोग भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। विशाल डीजे और सजी-धजी झांकियां लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

शोभायात्रा देखने के लिए सेमरी बाजार के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उल्लास और उत्सव का माहौल बना रहा।

  आस्था और भावुकता के बीच मां को विदाई

पांच दिनों तक मां की पूजा-अर्चना करने के बाद विदाई की घड़ी आने पर श्रद्धालु भावुक नजर आए। भक्तों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए अगले वर्ष फिर आने की कामना की। शोभायात्राओं के बाद प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। देर रात तक विसर्जन का क्रम चलता रहा। इस तरह सेमरी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में दुर्गा पूजा का समापन भक्ति, उल्लास और नम आंखों से मां की विदाई के साथ हुआ।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।