कोतवाली देहात गौर की आवाज संवाद सुल्तानपुर।दुर्गा पूजा की आरती में शामिल होने जा रहे 50 वर्षीय किसान घनश्याम बरनवाल की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। सात दिन पहले एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद कार चालक उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद से ही किसान की हालत गंभीर बनी हुई थी।
धरौली चौराहे के पास हुआ था हादसा
यह दुर्घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के दोमुहा-सुल्तानपुर मार्ग पर धरौली चौराहे के पास बीते मंगलवार रात हुई थी। जानकारी के मुताबिक, घनश्याम बरनवाल दुर्गा पूजा की आरती में शामिल होने जा रहे थे, तभी पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आंत में चोट, हाथ भी हुआ था फ्रैक्चर
घटना के बाद घायल किसान को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ था, जबकि पेट की आंत में भी गंभीर चोट आई थी। लखनऊ में मंगलवार रात उनकी आंत का ऑपरेशन किया गया, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया
घनश्याम बरनवाल की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। उनके दो बेटे हैं। हादसे के बाद परिवार को उनके स्वस्थ होने की उम्मीद थी, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
फरार कार चालक की तलाश
देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद जांच की थी, लेकिन संबंधित वाहन का पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस के सामने फरार कार चालक और वाहन की पहचान करने की चुनौती है।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।