सेमरी महमूदपुर गौर की आवाज सांवाददाता अनिल जयसवाल सुलतानपुर।बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का अवसर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत 31 अक्टूबर को विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित यह मेला सेमरी महमूदपुर स्थित आचार्य चाणक्य पीजी कॉलेज में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें 1200 से अधिक पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है।
12 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा
रोजगार मेले में 12 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। प्रचार सामग्री के अनुसार, एलएंडटी, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, ब्लिंकिट और अडानी सोलर सहित विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। पदों और योग्यता के अनुसार अभ्यर्थियों को 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने का उल्लेख किया गया है।
हाईस्कूल से परास्नातक तक के अभ्यर्थियों को मौका
मेले में 18 से 40 वर्ष की आयु के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आइटीआइ, स्नातक और परास्नातक सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे। अभ्यर्थियों का चयन संबंधित कंपनियों की पात्रता और भर्ती प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
पंजीकरण के साथ दस्तावेज लाना जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इच्छुक युवा अपना बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर आयोजन स्थल पहुंचें।इस आयोजन में श्री विश्वकर्मा इंटरनेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट (एसवीआइएफटी) की भी सहभागिता रहेगी। रोजगार मेले में प्रतिभाग पूरी तरह निशुल्क है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।