सुलतानपुर गौर की आवाज ब्यूरो।जनपद की शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. सुनीता श्रीवास्तव को शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से सुलतानपुर के शैक्षणिक, साहित्यिक और सामाजिक जगत में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
दिल्ली में आयोजित समारोह में मिला सम्मान
नई दिल्ली के लोदी रोड स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में 25 अक्टूबर 2026 को वर्ल्ड एलायंस ऑफ स्कूल के तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें देश के 16 राज्यों से लगभग 300 शिक्षाविदों ने प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम में सुलतानपुर से डॉ. सुनीता श्रीवास्तव का चयन किया गया था। शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षण के साथ साहित्य साधना में भी सक्रिय
जनपद मुख्यालय के नार्मल चौराहा निवासी डॉ. सुनीता श्रीवास्तव प्राथमिक विद्यालय तमेहड़ी में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ ही वह साहित्य सृजन में भी सक्रिय रहती हैं। उनकी रचनाएं देश-विदेश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं। साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न संस्थाओं द्वारा समय-समय पर सम्मानित भी किया जा चुका है।
उपलब्धि से जनपद का बढ़ा गौरव
सरल स्वभाव की डॉ. सुनीता श्रीवास्तव शिक्षण कार्य से समय निकालकर साहित्य साधना में जुटी रहती हैं। शिक्षा, समाज सेवा और साहित्य के प्रति उनकी सक्रियता ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उनके कार्यों की सराहना के साथ ही जनपद के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि पर शिक्षकों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।