जयसिंहपुर-बिरसिंहपुर मार्ग पर नुमाएं गांव के पास हुआ हादसा, मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायल
जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद (सुलतानपुर)। जयसिंहपुर-बिरसिंहपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कार और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। बहन के घर जा रहे थे बाइक सवार

जानकारी के अनुसार, मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के बाघसराय गांव निवासी मोहम्मद इदरीस बुधवार सुबह अपने पुत्र हसन राजा (35) और पौत्र फैजान अली (18) के साथ जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगेव गांव स्थित अपनी ससुराल आए थे। इदरीस ससुराल में ही रुक गए, जबकि उनका पुत्र हसन राजा, पौत्र फैजान अली और गंगेव निवासी चांद बाबू एक बाइक से हसन राजा की बहन के घर बाहरी गांव जा रहे थे।
नुमाएं गांव के पास हुआ हादसा
बाइक सवार अभी जयसिंहपुर-बिरसिंहपुर मार्ग पर नुमाएं गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंच गए।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर इनोवा कार और उसके चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर दोनों को उसके हवाले कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
सरकारी विभाग की बताई जा रही कार
कोतवाली प्रभारी विवेक राय ने बताया कि इनोवा कार किसी सरकारी विभाग की बताई जा रही है। वाहन किस विभाग का है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।