चौकीदार पुलिस व्यवस्था की मजबूत कड़ी, गांवों की सूचनाएं पहुंचाने में निभाते हैं अहम भूमिका
दीदारगंज गौर की आवाज ब्यूरो मो सफदर खान (आजमगढ़)। थाना परिसर में रविवार को चौकीदारों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने क्षेत्र के चौकीदारों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की। सम्मान पाकर चौकीदारों के चेहरे खिल उठे और उनमें उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने कहा कि चौकीदार पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण और मजबूत कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही गांवों की गतिविधियों पर नजर रखने में उनकी अहम भूमिका होती है। गांवों में होने वाली घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाने में चौकीदारों का योगदान सराहनीय है।उन्होंने कहा कि पुलिस और चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। चौकीदार पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं।इस अवसर पर चौकीदारों ने भी पुलिस प्रशासन की ओर से मिले सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम ने पुलिस और ग्रामीण स्तर पर कार्य करने वाले चौकीदारों के बीच आपसी सहयोग, विश्वास और सम्मान की भावना को मजबूत किया।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।