मोमबत्ती लगाने के दौरान 17 वर्षीय लवकुश यादव का बिगड़ा संतुलन, इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम। दीपावली की देर शाम घर के छज्जे पर हुआ हादसा, दो भाइयों में सबसे छोटा था मृतक, मां और बड़े भाई का रो-रोकर बुरा हाल।
कूरेभार गौर की आवाज ब्यूरो सुल्तानपुर।दीपावली का पर्व जिस घर में खुशियों और रोशनी के साथ मनाया जा रहा था, वहां चंद पलों में ही मातम पसर गया। दीपावली की देर शाम घर के छज्जे पर मोमबत्ती लगाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरे 17 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते गम में बदल गईं।मिली जानकारी के अनुसार कूरेभार थाना क्षेत्र के गलिबहा गांव निवासी ओम प्रकाश यादव का 17 वर्षीय पुत्र लवकुश यादव दीपावली की देर शाम घर को रोशन करने के लिए छज्जे पर मोमबत्ती लगाने चढ़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जमीन पर जा गिरा। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार लेकर पहुंचे।सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. जहीर खान की टीम ने किशोर का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक सुल्तानपुर में उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।सोमवार की सुबह से ही मृतक के घर पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। गांव के बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। घर में दीपावली के लिए की गई सजावट और रोशनी के बीच पसरा सन्नाटा हर किसी की आंखें नम कर रहा था।लवकुश दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई राहुल यादव (18) और मां ज्योति यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिस बेटे के साथ परिवार ने दीपावली की खुशियां मनाने का सपना देखा था, उसी बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।