दोस्तपुर गौर क आवाजसंवाद (सुल्तानपुर)। पति की जान पर खतरा बताकर पूजा-पाठ कराने के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला से 1 लाख 38 हजार 900 रुपये ठग लिए। ठग ने महिला को संभावित दुर्घटना का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाया और दो दिनों में अलग-अलग बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़िता की तहरीर पर दोस्तपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप कॉल कर महिला को डराया
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कजियाना उत्तरी मोहल्ला निवासी अनुभा गुप्ता पत्नी शचीन्द्र भारतीय के पास 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:33 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप वॉयस कॉल आई। आरोप है कि फोन करने वाले ने महिला से कहा कि उसके पति की जान खतरे में है। इस संकट को टालने के लिए तत्काल पूजा-पाठ कराना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर पति के साथ गंभीर दुर्घटना होने की आशंका जताई गई।
दो बैंक खातों से ट्रांसफर कराए रुपये
पति के साथ अनहोनी होने की आशंका से घबराई महिला ठग के झांसे में आ गई। उसके निर्देश पर महिला ने 22 और 23 अक्टूबर को अपने बैंक ऑफ इंडिया खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल 87,200 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा, अपनी बहन के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से भी 51,700 रुपये एक अन्य बताए गए एसबीआई खाते में भेज दिए। इस तरह ठगों ने कुल 1,38,900 रुपये की रकम हड़प ली।
ठगी का एहसास होते ही 1930 पर की शिकायत
23 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई।दोस्तपुर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक सूबेदार यादव को सौंपी गई है। पुलिस मामले में रकम ट्रांसफर किए गए खातों और आरोपी की पहचान से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।