कूरेभार गौर की आवाज संवाद (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र में शंकरगढ़ बाजार के पास तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह बाजार से दवा लेकर पैदल घर लौट रहे थे। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दुर्गा मार्केट के पास हुआ हादसा
बरियौना गांव के बक्सूपुर निवासी हरिशंकर यादव रात करीब 10 बजे शंकरगढ़ बाजार से दवा लेकर घर जा रहे थे। वह सड़क के बाईं ओर कच्ची पटरी पर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान दुर्गा मार्केट के पास पीछे से आई अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद बाइक चालक बाइक लेकर मायंग की ओर भाग निकला। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन घायल हरिशंकर को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस
मृतक के बेटे प्रेम कुमार यादव ने कूरेभार थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना अध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।