अखंडनगर गौ की आवाज संवाद (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के नगरी गांव में बुधवार देर रात एक घर में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से तीन बछियों की जलकर मौत हो गई, जबकि घर में खड़ी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह जल गई। इसके अलावा घर में रखा अनाज, भूसा और खाने-पीने का सामान भी जलकर राख हो गया। हादसे में एक लाख रुपये से अधिक की क्षति होने का अनुमान है।जानकारी के अनुसार, नगरी गांव निवासी राम सवत के घर में बुधवार रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के समय परिवार के लोग घर के बगल में सो रहे थे। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक वे कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। देखते ही देखते घर में रखा सामान आग की चपेट में आ गया।
तीन बछियों की मौत, गृहस्थी का सामान राख
इस अग्निकांड में तीन बछियां जिंदा जल गईं। घर में खड़ी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा घर में रखा गल्ला, भूसा, गेहूं, चावल, सरसों और अन्य खाद्य सामग्री भी आग की भेंट चढ़ गई। अचानक हुए हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग से गृहस्थी का सामान नष्ट होने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
मच्छर भगाने के लिए जलाई गई आग से हादसा
अखंडनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र वर्मा ने बताया कि घर के लोगों ने मच्छर भगाने के लिए आग सुलगाई थी। बाद में उसे बुझा दिया गया था, लेकिन उसमें चिंगारी मौजूद रह गई थी। परिवार के लोगों के वहां से हटने के बाद उसी चिंगारी से आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। लेखपाल को बुलाकर अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, ताकि नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जा सके।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।