Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
मंगलवार, 3 नवंबर 2026

ओवरब्रिज पर ट्रक ने बाइक सवार को घसीटा, दर्दनाक मौत,चालक फरार

कोतवाली देहात गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर लोहरामऊ ओवरब्रिज पर सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार डेंटर को टक्कर मार दी।…

ओवरब्रिज पर ट्रक ने बाइक सवार को घसीटा, दर्दनाक मौत,चालक फरार
दुकान बंद कर घर जा रहे,400 मीटर तक घसीटा,डेंटर की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद चालक फरार

कोतवाली देहात गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर लोहरामऊ ओवरब्रिज पर सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार डेंटर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक समेत युवक ट्रक में फंस गया। चालक ट्रक रोकने के बजाय उसे करीब 400 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र में हुआ।

*दुकान बंद कर घर लौट रहे थे नन्हे खान*

मृतक की पहचान छतौना निवासी नन्हे खान (45) के रूप में हुई है। वह पयागीपुर में वाहनों की डेंटिंग का काम करते थे। सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद वह अपनी हीरो होंडा आई-स्मार्ट बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लोहरामऊ ओवरब्रिज पर चढ़ते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक और उस पर सवार नन्हे खान ट्रक में फंस गए।

            *400 मीटर तक घसीटता रहा ट्रक*

मिल जानकारी  के मुताबिक, बाइक ट्रक में फंसने के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका। ट्रक करीब 400 मीटर तक बाइक सवार को घसीटता चला गया। सड़क पर बाइक फंसी देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर चालक को रोकने की कोशिश की। ट्रक रुकने पर युवक की हालत देखकर लोग सन्न रह गए। बाइक भी सड़क पर घिसटने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थानीय लोग शव के अवशेष एकत्र करने लगे, इसी बीच चालक मौका पाकर फरार हो गया।   *बाइक नंबर से हुई मृतक की पहचान*

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। क्षतिग्रस्त बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान नन्हे खान के रूप में हुई। कोतवाली देहात थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

*अंधेरे में डूबा ओवरब्रिज, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल*

हादसे के बाद लोहरामऊ ओवरब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राम वन पथ गमन के नाम वाले इस ओवरब्रिज पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। इसी वर्ष यहां टूरिस्ट बस पलटने से हादसा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। लोगों ने ओवरब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका आरोप है कि यातायात माह में जागरूकता के नाम पर औपचारिक गतिविधियां तो होती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सड़क सुरक्षा को लेकर पर्याप्त काम नहीं दिखता।

*चार बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया*

नन्हे खान अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। इनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।