सेमरी गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।दीपावली पर पटाखों की बिक्री के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनाए रखने के लिए जयसिंहपुर पुलिस सतर्क हो गई है। शनिवार की देर शाम पुलिस टीम ने सेमरी बाजार कस्बे से करीब 500 मीटर दूर एकांत में लगाए गए पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों के लाइसेंस और आग से बचाव के इंतजामों की जांच की गई।

शनिवार रात करीब 7:30 बजे जयसिंहपुर कोतवाल विवेक कुमार राय और सेमरी चौकी प्रभारी प्रेम नारायण राजपूत हमराही पुलिसकर्मियों के साथ पटाखा बिक्री स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक दुकान का निरीक्षण कर विक्रेताओं के लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही दुकानों पर रखे अग्निशमन यंत्रों और आग बुझाने के अन्य संसाधनों की उपलब्धता भी परखी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही पटाखों की बिक्री करने की हिदायत दी। प्रत्येक दुकान पर बालू से भरी बाल्टी, अग्निशमन यंत्र और आग बुझाने के अन्य जरूरी संसाधन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए जुटने वाली भीड़ को देखते हुए दुकानदारों को आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने और सुरक्षित तरीके से बिक्री करने को कहा। इस मौके पर दीवान विनोद यादव, विजय सिंह, कृष्णा, महेंद्र, रवि सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।