Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
रविवार, 1 नवंबर 2026

PET परीक्षा देने निकले लिपिक की सड़क हादसे में मौत

जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद (सुल्तानपुर)। PET परीक्षा देने रायबरेली जा रहे अंबेडकर नगर के बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात लिपिक प्रत्युष वर्मा की रविवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जयसिंहपुर…

PET परीक्षा देने निकले लिपिक की सड़क हादसे में मौत
PET परीक्षा देने निकले लिपिक की सड़क हादसे में मौत

जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद (सुल्तानपुर)। PET परीक्षा देने रायबरेली जा रहे अंबेडकर नगर के बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात लिपिक प्रत्युष वर्मा की रविवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी बाईपास पर नगईपुर गांव के पास एक टूरिस्ट बस की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए पहले बिरसिंहपुर स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए अंबेडकर नगर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान रविवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

परीक्षा देने जा रहे थे युवक,रास्ते में काल बनकर आई बस 

जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी प्रत्युष वर्मा रविवार को अपनी बुलेट से PET परीक्षा देने रायबरेली जा रहे थे। अभी वह जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के नगईपुर गांव के पास सेमरी बाईपास पर पहुंचे थे कि इसी दौरान एक टूरिस्ट बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बस से पास लेने के दौरान सामने से आ रही बुलेट से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रत्युष बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 हेलमेट भी नहीं बचा सका जान, सिर में आई गंभीर चोट

हादसे के समय प्रत्युष ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े प्रत्युष को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल प्रत्युष को बिरसिंहपुर के सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से चला गया।

 प्राथमिक उपचार के बाद अंबेडकर नगर किया गया रेफर

बिरसिंहपुर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रत्युष का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। ऐसे में चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबेडकर नगर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। प्रत्युष की मौत की खबर उनके चचेरे भाई ने फोन पर दी। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 पिता की मौत के बाद मृतक आश्रित में मिली थी नौकरी

प्रत्युष वर्मा अकबरपुर स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में बड़े बाबू के पद पर तैनात थे। उनके पिता स्वर्गीय दिलीप वर्मा भी शिक्षा विभाग में कार्यरत थे। करीब तीन साल पहले पिता के निधन के बाद प्रत्युष को मृतक आश्रित के रूप में सरकारी नौकरी मिली थी। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। वह परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहे थे, लेकिन रविवार को हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।  मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल

प्रत्युष के परिवार में एक भाई और एक बहन हैं। उनकी असमय मौत से मां रंजना वर्मा और बहन सुरभी पटेल का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को परिवार का सहारा माना जा रहा था, उसकी अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलने के बाद रिश्तेदारों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

 तहरीर मिलने पर की जाएगी कार्रवाई कोतवाल

इस संबंध में जयसिंहपुर कोतवाली प्रभारी विवेक राय ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।