Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

शौच के लिए निकली 58 वर्षीय महिला की पिकअप की टक्कर से मौत, परिवार में मचा कोहराम

गोविंदपुर चौराहे के पास हुआ हादसा, अज्ञात वाहन चालक फरार; मां के बाद दादी का साया भी खो बैठी चार वर्षीय बच्ची सुहानी।सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के हलियापुर–कूरेभार मार्ग पर पूरे लोचई…

शौच के लिए निकली 58 वर्षीय महिला की पिकअप की टक्कर से मौत, परिवार में मचा कोहराम
शौच के लिए निकली 58 वर्षीय महिला की पिकअप की टक्कर से मौत, परिवार में मचा कोहराम

गोविंदपुर चौराहे के पास हुआ हादसा, अज्ञात वाहन चालक फरार; मां के बाद दादी का साया भी खो बैठी चार वर्षीय बच्ची सुहानी।सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के हलियापुर–कूरेभार मार्ग पर पूरे लोचई गोविंदपुर गांव के पास गुरुवार सुबह अज्ञात पिकअप की टक्कर से 58 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, पूरे लोचई गांव निवासी धनपता यादव (58), पत्नी स्वर्गीय श्रीनाथ यादव, गुरुवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए निकली थीं। वह गोविंदपुर चौराहे के पास पहुंची थीं, तभी एक अज्ञात पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया

मृतका के दो बेटे राकेश (32) और दिनेश (29) तथा बेटी मीना यादव (35) हैं। तीनों विवाहित हैं। मां की मौत से बेटों, बेटी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में प्रार्थना पत्र मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर रही है।

:मां के बाद दादी का साया भी उठा, चार वर्षीय सुहानी हुई बेसहारा

धनपता यादव की मौत से उनकी चार वर्षीय पोती सुहानी यादव के जीवन में दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुहानी के सिर से पहले ही मां का साया उठ चुका था। उसके पिता दिनेश शहर में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां की मृत्यु के बाद से दादी धनपता ही सुहानी की देखभाल और परवरिश कर रही थीं। दादी ही उसके लिए मां का सहारा थीं। अब दादी की भी मौत हो जाने से मासूम सुहानी ने अपना एकमात्र सहारा खो दिया है। मां के बाद दादी को खोने वाली बच्ची के भविष्य और परवरिश को लेकर परिवार के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।