सुलतानपुर में जनगणना के लिए बनाए गए 5577 गणना ब्लॉक, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक।
सुलतानपुर गौर की आवाज ब्यूरो।जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना की प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
**मीडिया कार्यशाला में दी जाएगी जानकारी**
जनगणना के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन और व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से चार नवंबर को दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें जनगणना की प्रक्रिया, नई व्यवस्था और आम नागरिकों की सहभागिता के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य मीडिया के माध्यम से जन-जन तक जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाना है।
**मोबाइल से ओटीपी के जरिए होगा लॉगिन**
स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी डालकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद परिवार से संबंधित निर्धारित जानकारियां भरनी होंगी। प्रक्रिया पूरी होने पर एक एसई-आईडी (SE-ID) प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। जब प्रगणक घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन और गणना की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।
**जिले में बनाए गए 5577 गणना ब्लॉक**
सुलतानपुर जिले में जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए कुल 5577 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इन सभी ब्लॉकों में तैनात प्रगणक और पर्यवेक्षक एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर परिवारों और उनके सदस्यों की जानकारी एकत्र करेंगे। इसके अलावा चार जनवरी 2027 को सूर्यास्त के बाद बेघर व्यक्तियों की भी गणना की जाएगी।
**पहली बार अन्य जातियों की भी होगी गणना**
इस बार जनगणना में सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अलावा अन्य जातियों की भी व्यक्तिगत स्तर पर गणना किए जाने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित कुल 40 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं। इनमें नाम, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, पलायन और दिव्यांगता से संबंधित जानकारियां शामिल हैं।
**डिजिटल सुविधाओं से जुड़े सवाल भी होंगे शामिल**
प्रश्नावली में डिजिटल साक्षरता, कोरोना टीकाकरण, बैंक खातों और मोबाइल नंबर से संबंधित जानकारी के साथ आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।
**नागरिकों से सहयोग की अपील**
प्रशासन की ओर से नागरिकों से स्व-गणना के दौरान सही और प्रमाणिक जानकारी दर्ज करने की अपील की गई है। साथ ही ओटीपी से प्राप्त एसई-आईडी सुरक्षित रखने और प्रगणकों के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराने को कहा गया है। जनगणना को सफल बनाने के लिए आमजन से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।
**एक नजर में महत्वपूर्ण तिथियां**
- 16 से 30 नवंबर 2026 : स्व-गणना की प्रक्रिया।
- 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 : घर-घर जनगणना।
- 4 जनवरी 2027 को सूर्यास्त के बाद : बेघर व्यक्तियों की गणना।
- सुलतानपुर में कुल 5577 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।