Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
सोमवार, 2 नवंबर 2026

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पिकअप की टक्कर से युवक की मौत,किशोर गम्भीर

अखण्डनगर गौर की आवाज संवाद (सुलतानपुर)।शादी समारोह में शामिल होने की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय साथी जिंदग??…

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पिकअप की टक्कर से युवक की मौत,किशोर गम्भीर
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पिकअप की टक्कर से युवक की मौत,किशोर गम्भीर

अखण्डनगर गौर की आवाज संवाद (सुलतानपुर)।शादी समारोह में शामिल होने की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा रविवार देर रात अखण्डनगर थाना क्षेत्र के कलान चौराहे पर हुआ। दोनों युवक आजमगढ़ जिले से अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

       रिश्तेदारी में शादी समारोह में आए थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के फूलपुर क्षेत्र के दशमड़ा, माहुल निवासी हिमांशु गौतम (19) पुत्र हितराज और दीपांकर (15) पुत्र मिक्की अपने रिश्तेदार संतोष कुमार के यहां कलान गांव में आयोजित बुआ की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार देर रात दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान कलान चौराहे के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. विवेक वर्मा ने हिमांशु गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दीपांकर की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए शाहगंज, जौनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चिकित्सक की सूचना पर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।      शादी की खुशियां मातम में बदलीं

रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आए दोनों युवकों के साथ हुए हादसे की खबर से परिवार और परिचितों में शोक छा गया। एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।