Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, हाईवे पर मचा हड़कंप

कादीपुर गौर की आवाज संवाद सुल्तानपुर।लखनऊ-बलिया हाईवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर उपाध्याय के पास सुल्तानपुर से…

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, हाईवे पर मचा हड़कंप
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, हाईवे पर मचा हड़कंप

कादीपुर गौर की आवाज संवाद सुल्तानपुर।लखनऊ-बलिया हाईवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर उपाध्याय के पास सुल्तानपुर से कादीपुर जा रही रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

              पांडेबाबा जा रहे थे दोनों युवक

पुलिस के मुताबिक, दौलतपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा (21) पुत्र संतोष विश्वकर्मा और मालापुर चंदौली निवासी मुकेश (27) शनिवार को पदारथपुर उपाध्याय के खरगूपुर पुरवे से पांडेबाबा की ओर बाइक से जा रहे थे। दोनों किसी काम से निकले थे। दोपहर करीब 12:15 बजे पदारथपुर उपाध्याय के पास उनकी बाइक रोडवेज बस की चपेट में आ गई।

 टक्कर के बाद सड़क पर गिरे, सिर में आई गंभीर चोट

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर से कादीपुर की ओर जा रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। बताया गया कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

        पुलिस ने बस कब्जे में ली, जांच शुरू

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

            सड़क के मोड़ पर हादसे की आशंका

बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर सड़क पर हल्का मोड़ है। हालांकि, बस और बाइक की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।