झोपड़ी में रखा राशन, कपड़ा और सात हजार रुपये भी जले, ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया गया काबू
सलेमपुर गौर की आवाज देवरिया तारकेश्वर गुप्ता ।तहसील क्षेत्र के कोड़रा ठाकुर गांव में रविवार की देर रात आग की चिंगारी से एक रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से झोपड़ी में बंधी एक बकरी और उसके तीन बच्चों की झुलसकर मौत हो गई। वहीं, झोपड़ी में रखा राशन, कपड़ा और नकदी समेत हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।कोड़रा ठाकुर गांव निवासी बीरबहादुर राजभर पुत्र स्व. झपसी की रिहायशी झोपड़ी में रविवार की देर रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी झोपड़ी जलकर राख हो चुकी थी।आग में झोपड़ी के अंदर बंधी एक बकरी और उसके तीन बच्चे बुरी तरह झुलस गए, जिससे चारों की मौत हो गई। इसके अलावा झोपड़ी में रखा राशन, कपड़ा और करीब सात हजार रुपये नकद भी जलकर राख हो गए। घटना में पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद हल्का लेखपाल कौशल किशोर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर क्षतिपूर्ति का आकलन किया।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।