सोहनपुर गौर की आवाज ब्यूरो (देवरिया)। खराब मौसम और जगह-जगह जलभराव के चलते बनकटिया बिजली फीडर से जुड़े करीब 65 गांवों में बिजली संकट गहरा गया है। पिछले लगभग 15 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बिजली आने के कुछ ही मिनट बाद फिर कट जा रही है। इससे लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है।बताया जा रहा है कि लगातार खराब मौसम, तेज हवाओं और जगह-जगह पानी भरने के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। शुक्रवार को दोपहर करीब 2:30 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन इसके बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। बिजली आने के महज पांच मिनट बाद ही आपूर्ति फिर बाधित हो जा रही है। बार-बार बिजली के आने-जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
पांच मिनट बिजली, फिर घंटों इंतजार
बिजली की अनियमित आपूर्ति से सबसे अधिक परेशानी घरेलू उपभोक्ताओं को हो रही है। बिजली नहीं रहने से पेयजल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं मोबाइल फोन चार्ज करने, बच्चों की पढ़ाई और घरों के जरूरी कामकाज में भी दिक्कत आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली गुल रहने के बाद जब आपूर्ति शुरू होती है तो कुछ ही मिनट में दोबारा कट जाती है। ऐसे में लोगों को बिजली विभाग की ओर से राहत मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है।
खराब मौसम से व्यवस्था दुरुस्त करने में परेशानी
बिजली आपूर्ति बाधित होने के संबंध में अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि मौसम में सुधार होने के साथ ही बिजली आपूर्ति भी धीरे-धीरे ठीक हो जाएगी। खराब मौसम के कारण विद्युत व्यवस्था को सामान्य करने में कठिनाई हो रही है। विभाग की ओर से आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। 65 गांवों के ग्रामीणों ने मांगी राहत
ग्रामीणों धर्मेंद्र गुप्ता, जय कुमार, शमशाद अहमद, वशिष्ठ मद्धेशिया और रवींद्र वर्मा समेत अन्य लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलनी चाहिए। बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विभाग को युद्धस्तर पर मरम्मत और सुधार कार्य कराकर आपूर्ति सुचारु करनी चाहिए।ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बनकटिया फीडर से जुड़े सभी गांवों में विद्युत आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा बाधित रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम निपटाने में भी परेशानी हो रही है।फिलहाल बनकटिया फीडर से जुड़े करीब 65 गांवों के लोगों की निगाहें बिजली विभाग पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मौसम में सुधार के साथ विभाग आपूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करेगा और उन्हें बिजली संकट से राहत मिलेगी।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।