जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद (सुलतानपुर)।पीढ़ी-बिझुरी मार्ग पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित सैकड़ों वर्ष पुराना प्रहलाददास सागर बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। धार्मिक आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। परिसर में रोशनी, पेयजल और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मांग किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।प्रहलाददास सागर पर प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु कड़ाही चढ़ाने और खिचड़ी का प्रसाद अर्पित करने पहुंचते हैं। इन दिनों यहां मेले जैसा माहौल रहता है। शारदीय नवरात्र में क्षेत्र की सैकड़ों दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी इसी सागर में किया जाता है। धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटती है। *पेयजल के लिए देसी नल का सहारा*
कुटी के पुजारी रामकिशोर दास ने बताया कि परिसर में सौर ऊर्जा से संचालित हाईमास्ट लाइट लगवाने के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया, लेकिन अब तक व्यवस्था नहीं हो सकी। पेयजल के लिए कुटी पर उनके द्वारा लगवाए गए देसी नल का ही सहारा है। यहां इंडिया मार्का हैंडपंप तक नहीं है। जिला पंचायत सदस्य अनिता की ओर से सागर के तीनों भीटों पर इंटरलॉकिंग, सार्वजनिक शौचालय और तालाब का सुंदरीकरण कराया गया है। इससे प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों को सुविधा मिली है।
*शेड और सोलर लाइट लगवाने की मांग*
घनश्याम निषाद, वीर बहादुर सिंह, लालता तिवारी, पंकज कुमार और रोहित सिंह ने बताया कि परिसर में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच और बारिश से बचाव के लिए शेड की व्यवस्था होनी चाहिए। रात में रोशनी के लिए सोलर लाइट लगाई जानी चाहिए। गर्मियों में बड़ी संख्या में लोग यहां समय बिताने आते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें परेशानी होती है।
*बजट मिलने पर प्राथमिकता से होगा काम*
विधायक राजप्रसाद उपाध्याय ने बताया कि फिलहाल बिजली व्यवस्था के लिए उनके पास बजट उपलब्ध नहीं है। बजट मिलते ही बिजली के खंभे और तार लगवाने का काम प्राथमिकता से कराया जाएगा। सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने की भी व्यवस्था की जाएगी। पेयजल के लिए जलजीवन मिशन के अधिकारियों को भेजकर हैंडपंप लगवाया जाएगा। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सागर परिसर में रोशनी की व्यवस्था को लेकर विधायक से बातचीत हुई है। जल्द ही इस दिशा में पहल होने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।