Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

जीडी गोयनका स्कूल में लिफ्ट टूटने से छह शिक्षक घायल, दो को फ्रैक्चर

कोतवाली नगर गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।थाना क्षेत्र स्थित जीडी गोयनका स्कूल में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिरने से उसमें सवार छह शिक्षक घायल हो गए। हादसे के…

जीडी गोयनका स्कूल में लिफ्ट टूटने से छह शिक्षक घायल, दो को फ्रैक्चर
जीडी गोयनका स्कूल में लिफ्ट टूटने से छह शिक्षक घायल, दो को फ्रैक्चर

कोतवाली नगर गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।थाना क्षेत्र स्थित जीडी गोयनका स्कूल में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिरने से उसमें सवार छह शिक्षक घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। घायलों में दो शिक्षकों को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को मोच और अंदरूनी चोटें आई हैं। सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कूल की लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

       प्रशिक्षण खत्म होते ही लिफ्ट में सवार हुए शिक्षक

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जीडी गोयनका स्कूल में जनगणना के दूसरे चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शाम करीब पांच बजे शिक्षक तीसरी मंजिल से नीचे उतरने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। बताया जा रहा है कि शुरुआत में चार से पांच लोग लिफ्ट में चढ़े। इसके बाद इतने ही लोग और लिफ्ट में सवार हो गए। इसी दौरान अचानक लिफ्ट टूटकर नीचे की ओर गिर गई। हादसे में लिफ्ट के अंदर मौजूद छह शिक्षक घायल हो गए।

         शीशा तोड़कर बाहर निकाले गए घायल

हादसे के बाद लिफ्ट में फंसे शिक्षकों को बाहर निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि लिफ्ट का शीशा तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दो शिक्षकों को फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य को मोच और अंदरूनी चोटें लगी हैं।

क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात आई सामने

घायल शिक्षक अरुणेश प्रताप सिंह ने बताया कि लिफ्ट में पहले चार-पांच लोग सवार हुए थे। इसके बाद इतने ही लोग और लिफ्ट में चढ़ गए। इसी दौरान अचानक हादसा हो गया। घटना के बाद लिफ्ट की क्षमता और उसकी तकनीकी स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

      दिव्यांग शिक्षकों की ड्यूटी पर भी उठे सवाल

शिक्षक राम प्रसाद मिश्रा ने प्रशिक्षण के दौरान दिव्यांग शिक्षकों की ड्यूटी तीसरी मंजिल पर लगाए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि दिव्यांग शिक्षकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण स्थल और व्यवस्थाओं का निर्धारण किया जाना चाहिए था। इस घटना ने प्रशिक्षण केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चर्चा छेड़ दी है।

                      एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश

एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया ने हादसे में छह शिक्षकों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान हादसे के कारणों और लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। घटना के बाद शिक्षकों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे हादसे की असली वजह सामने आ सके।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।