जयसिंहपुर गौर की आवाज संवाद सुल्तानपुर।कोतवाली, सेमरी चौकी क्षेत्र के बाहरपुर गांव में रविवार सुबह एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में महुआ के पेड़ से लटका मिला। घर से कुछ दूरी पर हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। शौच के लिए बाग की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

बाग में महुआ के पेड़ से लटका मिला शव
मृतक की पहचान बाहरपुर निवासी गिरधारी (52) पुत्र स्व. संतोषी के रूप में हुई। उनका शव घर से लगभग 145 मीटर दूर बाग के किनारे महुआ के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका था। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जयसिंहपुर कोतवाली और सेमरी पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी गई। एसआई सुबोध त्यागी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। रात में परिवार के साथ किया था भोजन
मृतक की पत्नी सोना ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात गिरधारी ने परिवार के साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। रविवार सुबह उनकी मौत की जानकारी मिली। परिजनों के मुताबिक, गिरधारी को कुछ वर्ष पहले लकवा मार गया था। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था, लेकिन वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

बेटे प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया। इसके बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, सुल्तानपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। 22 अप्रैल को होनी थी छोटी बेटी की शादी

गिरधारी अपने पीछे पत्नी सोना, दो बेटियां अलका और शालू तथा एक बेटा प्रकाश छोड़ गए हैं। अलका और प्रकाश की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी शालू की शादी आगामी 22 अप्रैल को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग बेटी के हाथ पीले करने के सपने संजो रहे थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मां सुरसती और पत्नी सोना का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन भाइयों में सबसे बड़े थे गिरधारी

गिरधारी तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाइयों के नाम बिरजू और नंदलाल थे। उनकी बहन रीता हैं। छोटे भाई नंदलाल की भी कुछ समय पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। परिवार पर एक के बाद एक दुखों का पहाड़ टूटने से गांव में भी शोक का माहौल है।पुलिस ने कही जांच की बात

जयसिंहपुर कोतवाल विवेक कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।