कादीपुर गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर। शादी समारोह में खुशियों के इजहार के लिए की गई हर्ष फायरिंग एक परिवार के लिए जिंदगीभर का गम बन गई। चाचा की शादी में शामिल होने आया पांच वर्षीय अर्श भी नहीं जानता था कि कुछ देर बाद उसके साथ ऐसा हादसा हो जाएगा। बारात निकलने की तैयारियों के बीच दूल्हे के जीजा ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग कर दी। इसी दौरान निकली गोली मासूम के पेट में जा लगी। परिजन उसे लेकर अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
बारात की तैयारी के बीच हुआ हादसा
फुटेहरी बनकेगांव निवासी गिरीवर गोपाल पटेल के चचेरे भाई अनुराग पटेल की रविवार को शादी थी। परिवार में विवाह समारोह को लेकर उत्साह का माहौल था। बारात कादीपुर के सूरापुर स्थित सुंदर मैरिज लॉन से निकलनी थी। शाम करीब 6:30 बजे रिश्तेदार और परिचित बारात की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान कथित तौर पर दूल्हे के जीजा अजय ने तमंचे से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली वहां मौजूद गिरीवर के पांच वर्षीय बेटे अर्श के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही समारोह में मची चीख-पुकार

गोली लगते ही अर्श लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। परिवार के लोग खुशी के माहौल में हुए इस हादसे से बदहवास हो गए। मां अमृता और अन्य परिजन बच्चे को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अर्श को मृत घोषित कर दिया।
तीन बच्चों के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गिरीवर गोपाल पटेल निजी नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी अमृता ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं। परिवार में चचेरे भाई की शादी को लेकर उत्सव का माहौल था, लेकिन एक गोली ने सबकुछ बदल दिया। जिस घर में विवाह की तैयारियों और बारात की चर्चा हो रही थी, वहां अब मासूम की मौत से चीख-पुकार मची है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों को इस दर्दनाक घटना से उबर पाना मुश्किल हो रहा है।
मोबाइल बंद कर फरार हुआ आरोपी
उधर, घटना के बाद फायरिंग का आरोपित अजय मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
सीओ बोले, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमें

कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फायरिंग के आरोपित अजय की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।