Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

अर्नब तूफान ने बढ़ाई किसानों की चिंता, बारिश से धान की फसल पर संकट

जयसिंहपुर  गौर की आवाज संवाद (सुलतानपुर)।ब्लॉक क्षेत्र में अर्नब तूफान का असर गुरुवार से ही दिखाई देने लगा है। आसमान में घने बादल छाने और तेज हवाएं चलने से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शुक्रवार…

अर्नब तूफान ने बढ़ाई किसानों की चिंता, बारिश से धान की फसल पर संकट
अर्नब तूफान ने बढ़ाई किसानों की चिंता, बारिश से धान की फसल पर संकट

जयसिंहपुर  गौर की आवाज संवाद (सुलतानपुर)।ब्लॉक क्षेत्र में अर्नब तूफान का असर गुरुवार से ही दिखाई देने लगा है। आसमान में घने बादल छाने और तेज हवाएं चलने से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शुक्रवार को पूरे दिन रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश ने जहां मौसम में ठंडक घोल दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन भी प्रभावित रहा। सबसे अधिक परेशानी उन किसानों को हो रही है, जिनकी धान की फसल कटकर खेतों में पड़ी है या अभी कटाई के लिए तैयार खड़ी है।

           खेतों में कटी फसल भीगने से बढ़ी परेशानी

इन दिनों जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र में धान की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही सूखने के लिए छोड़ रखी है। ऐसे में लगातार हो रही बारिश से धान की फसल भीगने का खतरा बढ़ गया है। खेतों में पानी जमा होने और फसल के अधिक समय तक गीली रहने से धान की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। वहीं तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिर सकती है। इससे कटाई और मड़ाई के काम में भी देरी होने की संभावना है।

           किसानों की मेहनत पर फिर सकता है पानी

किसानों का कहना है कि धान की फसल तैयार करने में उन्हें कई महीनों तक मेहनत करनी पड़ती है। खाद, बीज, सिंचाई, कीटनाशक और मजदूरी पर काफी खर्च होता है। फसल पकने के बाद कटाई के समय मौसम की मार पड़ने से उनकी पूरी मेहनत और लागत प्रभावित हो सकती है। किसानों के मुताबिक इस समय धूप की जरूरत है, ताकि कटी हुई फसल सूख सके और समय से मड़ाई का काम पूरा किया जा सके। लेकिन लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

            कई इलाकों में दिनभर होती रही बारिश

गुरुवार से शुरू हुआ मौसम का बदलाव शुक्रवार को भी जारी रहा। बरौसा, मीरपुर, जयसिंहपुर, बगिया चौराहा, कन्हापुर, उघड़पुर, पीढ़ी, सेमरी और बिरसिंहपुर सहित आसपास के गांवों में तेज हवा के साथ रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। बारिश के कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं लोगों को दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकलने में भी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया।    नुकसान का आकलन करेंगी राजस्व टीमें

फसलों को संभावित नुकसान को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जयसिंहपुर के एसडीएम संदीप कुमार यादव ने बताया कि तहसील की सभी राजस्व टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में तूफान और बारिश से होने वाले नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। लेखपाल और अन्य राजस्वकर्मी प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि फसल में 33 प्रतिशत से अधिक क्षति होने पर नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिलाने का प्रावधान है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।