पिता को वर्दी में देखकर बचपन से संजोया था सेना में अफसर बनने का सपना, राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल शिमला से की है प्रारंभिक शिक्षा।
सुल्तानपुर गौर की आवाज ब्यूरो।राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा में 60वीं रैंक हासिल कर सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए चयनित हुए अठैसी पांडेयपुर निवासी हर्षित पांडेय की उपलब्धि पर बुधवार को सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।विधायक ने हर्षित और उनके परिजनों से मुलाकात कर इस सफलता पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि हर्षित ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।हर्षित के पिता सुनील पांडेय सेना में कार्यरत हैं। पिता को वर्दी में देखकर हर्षित ने बचपन से ही सेना में अफसर बनने का सपना संजोया था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, शिमला से प्राप्त की। वर्तमान में वह प्रयागराज से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।हर्षित ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। विधायक के घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर शेषनाथ पाण्डेय, ग्राम प्रधान अतुल मिश्रा सहित परिवार के सदस्य शुभचिंतक मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।