डीवीआर कैमरा और जरूरी कागजात भी ले गए चोर, प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
शाहगंज गौर की आवाज ब्यूरो जौनपुर। शाहगंज थाना क्षेत्र के ढढवारा कलां गांव स्थित पंचायत भवन को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर पंचायत भवन का ताला तोड़कर अंदर रखा इनवर्टर, बैटरी, डीवीआर कैमरा, अलमारी और महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख व कागजात उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील राजभर पुत्र स्व. ठाकुर दयाल राजभर ने शाहगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि दो नवंबर 2026 को गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूपाकलां रोज की तरह बच्चों को पढ़ाने के लिए पंचायत भवन पहुंचीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि भवन का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला और कई जरूरी सामान गायब थे।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने तत्काल फोन से इसकी सूचना प्रधान प्रतिनिधि को दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चोर पंचायत भवन में रखा इनवर्टर, बैटरी, डीवीआर कैमरा, अलमारी तथा महत्वपूर्ण अभिलेख और कागजात चोरी कर ले गए हैं।घटना की सूचना पुलिस को देते हुए प्रधान प्रतिनिधि सुनील राजभर ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और चोरी में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पंचायत भवन से सरकारी अभिलेखों और जरूरी उपकरणों की चोरी होने से गांव के विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।