मेला देखकर घर लौट रहे थे चारों, दो मासूमों की हालत गंभीर; लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
कोतवाली देहात गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर सोमवार रात तेज रफ्तार टाटा सफारी की टक्कर से बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बिकवाजीत मोड़ के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद सफारी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मुरारपुर गांव निवासी आलोक उपाध्याय (18), अभिषेक (21), रौनक (10) और जय (10) सोमवार को बाइक से मेला देखने गए थे। मेला देखकर चारों घर लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे उनकी बाइक बिकवाजीत मोड़ के पास पहुंची थी, तभी तेज रफ्तार टाटा सफारी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में आलोक उपाध्याय की मौके पर ही मौत हो गई।दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दस वर्षीय रौनक और जय की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल अभिषेक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।उधर, हादसे के बाद टाटा सफारी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।