Gaur Ki Aavaj Gaur Ki Aavaj
रविवार, 1 नवंबर 2026

एक दिन, एक जगह ढेरों सुविधाएं: विधिक सेवा शिविर में पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ

सुल्तानपुर गौर की आवाज ब्यूरो।आमजन को न्यायिक सहायता और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में वृहद विधिक…

एक दिन, एक जगह ढेरों सुविधाएं: विधिक सेवा शिविर में पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ
एक दिन, एक जगह ढेरों सुविधाएं: विधिक सेवा शिविर में पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ

सुल्तानपुर गौर की आवाज ब्यूरो।आमजन को न्यायिक सहायता और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर की थीम ‘एक दिन, एक जगह ढेरों सुविधाएं’ रही। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के तहत प्रतीकात्मक चेक, टूल किट, आवास की चाबी, स्मार्ट केन, कान की मशीन और अन्य सामग्री वितरित की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुनील कुमार चतुर्थ ने की। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंटकर किया गया।

नुक्कड़ नाटक से दिया मध्यस्थता का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत केएनआईटी के विधि विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई। इसके माध्यम से घरेलू और आपसी विवादों को अदालतों में लंबा खींचने के बजाय मध्यस्थता से सुलझाने का संदेश दिया गया। जनपद न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे विवादों का समाधान मध्यस्थता के जरिए आसानी से किया जा सकता है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने बच्चों के नियमित टीकाकरण और 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगवाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों से विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार लाभ उठाने की अपील की।

गरीब और जरूरतमंदों तक न्याय पहुंचाना प्राथमिकता

प्रधान न्यायाधीश फरहा मतलूब, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम संध्या चौधरी और अपर जनपद न्यायाधीश द्वितीय एवं नोडल अधिकारी राकेश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक न्याय एवं विधिक सहायता पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, किसान सम्मान निधि, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा एवं सुरक्षा बीमा योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

लाभार्थियों को बांटी गई टूल किट और आवास की चाबी

शिविर में जनपद न्यायाधीश ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक और सामग्री वितरित की। उद्यम विभाग की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत संदीप कुमार, नजीब खान, प्रेमचंद्र और रजनी बाला को टूल किट एवं डेमो चेक दिए गए।ग्राम विकास विभाग की मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत इंद्रावती, दिनेश, मीना और संगीता देवी को आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। श्रम विभाग की मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत देवी प्रसाद, सत्यप्रकाश, रोहित गौतम और सोनू कुमार को डेमो चेक दिए गए।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत मनीराम, बुशरा और मंजू को स्मार्ट केन तथा कान की मशीन वितरित की गई।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिली सहायता

इसके अलावा अग्रणी बैंक प्रबंधक की नंदिनी कृषक योजना, जिला पूर्ति विभाग की उज्ज्वला योजना, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग और डूडा की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को भी प्रतीकात्मक चेक, डेमो सिलेंडर, पुस्तकें और अन्य सामग्री प्रदान की गई। इनमें जीतेन्द्र, सत्यम, विष्णु, संचिता, अर्थव, रंजीत, रिशु, राधव, सूर्यपाल, अखंड प्रताप, सूरज, कनीज फातिमा, पूजा, दुर्गा, मालती, रमेश और अनिल शामिल रहे।

           विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण

जनपद न्यायाधीश ने शिविर परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। ग्राम विकास, श्रम, पूर्ति, उद्यम, कृषि, बेसिक शिक्षा, माटीकला, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, अग्निशमन और पुलिस विभाग के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाने और पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने पर जोर दिया।शिविर में लोगों को योजनाओं की पात्रता, जरूरी अभिलेखों और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। खासतौर पर महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों ने भी लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मुक्ता त्यागी ने किया। अंत में अपर जनपद न्यायाधीश द्वितीय राकेश पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह खबर शेयर करें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।