सुल्तानपुर गौर की आवाज ब्यूरो।सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता बाइक रैली और प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना किया। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने का दिया संदेश
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। बाइक पर तीन सवारी बैठाकर न चलें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने की अपील

यातायात माह के दौरान जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वाहन चालकों को तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी जरूरी
एसपी विनीत जायसवाल ने आमजन से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात रामकृष्ण चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।