पुलिस ने पिस्टल, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की, अवैध खनन में छह वाहन सीज
कोतवाली नगर गौर की आवाज संवाद सुलतानपुर।कोतवालीक्षेत्र के अमिलिया कला गांव में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को खैंचिला गांव मोड़ के पास पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में राहुल सिंह के पैर में गोली लग गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके साथी नौशाद अली को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपित मनोज सिंह को अलग से गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की रात अमिलिया कला गांव में अवैध खनन किया जा रहा था। इसकी सूचना पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची और खनन रोकने के साथ वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान खनन में शामिल लोगों ने एकजुट होकर राजस्व टीम पर हमला कर दिया। इस मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही थी।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि मामले के वांछित राहुल सिंह उर्फ प्रवीण सिंह और नौशाद अली काले रंग की स्कॉर्पियो से खैंचिला की तरफ से मुरली नगर की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने खैंचिला गांव मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों स्कॉर्पियो छोड़कर बाग की ओर भागने लगे।पुलिस का दावा है कि पीछा करने पर नौशाद के कहने पर राहुल सिंह ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राहुल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। राहुल के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी कब्जे में ले ली गई।इस मामले में पुलिस ने रवनियां गांव निवासी मनोज सिंह को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपितों से पूछताछ में अवैध खनन और राजस्व टीम पर हमले में शामिल होने की बात सामने आई है। प्रकरण में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।पुलिस ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में कोतवाली नगर में एक अन्य मुकदमा दर्ज किया है। इसमें राहुल के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, राहुल सिंह के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध कुल 10 पुराने मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है।वहीं, अवैध खनन के मामले में कुल छह वाहनों को सीज किए जाने की कार्रवाई भी की गई है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।